Pages

Wednesday, March 25, 2026

उपायुक्त ने जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक की अध्यक्षता की

*उपायुक्त ने जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक की अध्यक्षता की*

*सड़क सुरक्षा नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग चलाए विशेष अभियान*

*युवाओं को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाए – उपायुक्त*

पंचकूला, 25 मार्च:  उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने आज लघु सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विशेष अभियान चलाकर युवाओं को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि विशेष रूप से स्कूल व कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सख्ती के साथ-साथ जागरूकता भी आवश्यक है। इसके लिए समय-समय पर शिक्षण संस्थानों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।

उपायुक्त ने नगर निगम को निर्देश दिए कि शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे सही स्थिति में कार्यरत हों। जहां-जहां कैमरे खराब हैं, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और ज़ेब्रा क्रॉसिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जल्द ही पंचकूला के एसडीएम द्वारा  पीएमडीए, एचएसवीपी तथा नगर निगम के कार्यकारी अभियंताओं के साथ बैठक की जाएगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल सकें। साथ ही सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड लगाने और रोड मार्किंग करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और मृत्यु दर में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है और दुर्घटना के तुरंत बाद पीड़ित को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना के बाद पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाए ताकि समय रहते उपचार मिल सके।

सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी स्कूल बसों का नियमित निरीक्षण किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण और प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध हो।

इस अवसर पर आरटीए सचिव श्रीमती हैरतजीत कौर, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, एसीपी सुरेंद्र, डीडीपीओ विशाल पराशर, पीएमडीए के एसडीओ राजबीर सिंह सहित शिक्षा विभाग, एचएसवीपी, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर), एनएचएआई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।