प्रशासक ने जीएमसीएच-32 में लंगर सेवा और ट्रांसपोर्ट नगर में विकास कार्यों की समीक्षा की
चंडीगढ़, 26 अक्टूबर, 2026:
पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में धन गुरु राम दास लंगर सेवा तथा सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा किया। उन्होंने लंगर सेवा की समीक्षा की और ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति तथा ट्रक चालकों और आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में प्रशासक ने वेब्रिज (धर्मकांटा) सहित चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को बुनियादी ढांचे, सुरक्षा तथा जनसुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम तेजी से उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र में बेहतर सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर बैरिकेडिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के आसपास अनधिकृत रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के लिए भी कहा।
ट्रक चालकों और आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए श्री कटारिया ने अधिकारियों को ट्रांसपोर्ट नगर में कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के समुचित संचालन और प्रबंधन में सुधार के लिए प्रभावी समन्वय तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इससे पहले, जीएमसीएच-32 में प्रशासक ने धन गुरु राम दास लंगर सेवा की समीक्षा की। यह सेवा अस्पताल में अपने परिजनों के उपचार के दौरान लंबे समय तक रुकने वाले मरीजों के तीमारदारों और अन्य जरूरतमंद आगंतुकों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराती है। श्री कटारिया ने इस सेवा पर संतोष व्यक्त करते हुए कठिन परिस्थितियों में लोगों को सहायता प्रदान करने की इस पहल की सराहना की।